कन्नौज में पारिवारिक विवाद ने ली जान, पति ने पत्नी की हत्या कर चोरों पर लगाया आरोप

कानपुर/ कन्नौज – कन्नौज जिले के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के रणवीरपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घरेलू विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी और मामले को चोरी का रूप देने की कोशिश की।

रात के समय कृष्णकांत शाक्य ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी पत्नी निक्की की हत्या कुछ अज्ञात चोरों ने कर दी है। जब पुलिस अधिकारी सुरेश कुमार मलिक और कोतवाल विष्णुकांत तिवारी मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने पाया कि घर में कपड़े बिखरे हुए थे, लेकिन नकदी और जेवरात सुरक्षित थे। वहीं निक्की का शव खून से सना पड़ा था।

पुलिस को परिस्थितियाँ संदिग्ध लगीं, जिसके बाद कृष्णकांत, उसके भाई प्रवीण और बहन रानी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। सख्ती से पूछने पर कृष्णकांत ने स्वीकार किया कि उसने ही पत्नी की हत्या की है। उसने बताया कि आपसी झगड़े के बाद उसने गुस्से में आकर गोली चला दी और फिर चोरों की कहानी गढ़ दी ताकि शक न हो।

पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद कर ली है। घटना के समय प्रवीण की पत्नी शिवानी और उनकी मां माया देवी एक निजी अस्पताल में भर्ती थीं। कृष्णकांत और निक्की की शादी इसी साल 2 फरवरी को मैनपुरी जिले के भोगांव में हुई थी। निक्की के पिता अरविंद कुमार की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *