यमुनोत्री हाईवे पर तबाही: जगह-जगह बंद, पुल पर पानी, होटलों में घुसा सैलाब
उत्तरकाशी: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने यमुनोत्री हाईवे की कमर तोड़ दी है। भारी मलबा, बोल्डर और भू-धंसाव के चलते हाईवे कई जगहों पर बंद हो गया है, जिससे यात्रा पूरी तरह ठप हो गई है। खासतौर पर स्यानाचट्टी क्षेत्र में यमुना नदी का जलस्तर इतना बढ़ गया है कि मोटर पुल के ऊपर से पानी बहने लगा है, जिससे यह पुल अब खतरे की जद में है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि होटलों में पानी इस कदर घुसा कि एक ओर से घुसकर दूसरी ओर से निकल रहा है। कई होटलों की पहली मंजिलें पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं। जयपाल सिंह रावत, नवदीप सिंह, बलदेव सिंह और शैलेन्द्र सिंह राणा जैसे स्थानीय निवासियों ने बताया कि उन्होंने पूरी रात जागकर बिताई, क्योंकि बाढ़ और भू-स्खलन का खतरा लगातार बना रहा।
फिलहाल बारिश थोड़ी थम गई है और मौसम साफ है, लेकिन स्थानीय लोगों और प्रशासन के लिए खतरा अभी भी टला नहीं है। यमुनोत्री यात्रा मार्ग पर फंसे यात्रियों की सुरक्षा और राहत कार्य के लिए प्रशासन ने टीमों को सतर्क कर दिया है।

